बैतूलः खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, शाहपुर में 150 किलो मिठाई जब्त
- जिले में विभिन्न स्थानों पर मिठाई, मावा और नमकीन के 39 नमूने लिए गए
बैतूल, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग के जांच दलों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील शाहपुर में 5 मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर मिठाई के 15 नमूने लिए। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान से संदेह के आधार पर 150 किलोग्राम मिठाई जप्त की गई , जिसकी अनुमानित कीमत 37 हजार 500 रुपये है।
विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि इसी प्रकार तहसील आमला के ग्रामीण क्षेत्रों से मावा के 6 नमूने, चिचोली की 4 मिठाई दुकानों से मिठाई एवं नमकीन के 14 नमूने तथा गुदगांव चौपाटी से मिठाई एवं नमकीन के 4 नमूने लिए गए। इस प्रकार जिले में कुल 39 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को राज्य शासन द्वारा एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स को प्रतिबंधित किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का विधिवत संधारण करने के निर्देश दिए गए।
विभाग द्वारा संकलित सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, मध्यप्रदेश, भोपाल भेजा गया है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं नमूना संकलन की कार्रवाई निरंतर जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर