मप्रः ‘बसामन मामा स्मृति वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण पुरस्कार’ के लिये प्रस्ताव 22 मई तक

 


- वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति बढ़ेगी जागरुकता, सहभागिता की मिलेगी प्रेरणा

भोपाल, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में वन विभाग द्वारा ‘बसामन मामा स्मृति वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण पुरस्कार 2023-24’ के लिए नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी निर्देशों के अनुसार इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपने नामांकन संबंधित वन मंडलाधिकारी/क्षेत्र संचालक कार्यालय अथवा विभागीय वेबसाइट के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं। नामांकन प्रस्ताव निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेजों सहित 25 मई 2026 शाम 5:00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘बसामन मामा स्मृति वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण पुरस्कार 2023-24’ वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण, संवर्धन तथा निजी भूमि में वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर (वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण) और राज्य स्तर (निजी भूमि में वृक्षारोपण) के लिये शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों तथा अशासकीय व्यक्तियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः ₹2 लाख, ₹1 लाख और ₹50 हजार (प्रशस्ति पत्र सहित) प्रदान किए जाएंगे। राज्य स्तर पर भी समान रूप से विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं, जिससे वन संवर्धन के कार्यों को व्यापक प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने बताया कि ‘बसामन मामा स्मृति वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण पुरस्कार’ के माध्यम से प्रदेश में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा समाज के विभिन्न वर्गों को इस दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरणा मिलेगी। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर