बड़वानीः नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की अनेर नदी में डूबने से मौत

 


बड़वानी, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की वरला तहसील के ग्राम देवली में बुधवार को एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की अनेर नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय राधा, 8 वर्षीय राजवीर और 6 वर्षीय जयवीर के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग दो बजे तीनों बच्चे अपने परिजनों के साथ ग्राम बिलवा स्थित अपने मामा के घर गए थे। इसी दौरान वे गांव के पास बहने वाली अनेर नदी में नहाने चले गए। नहाते समय एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी पानी में उतरा, लेकिन वह भी डूबने लगा। दोनों को बचाने के लिए तीसरा बच्चा भी नदी में कूद गया और तीनों गहरे पानी में समा गए।

शाम करीब 3 बजे तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश के दौरान पिता पवन ब्राह्मणे को नदी किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले, जिससे हादसे की आशंका गहरा गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए धवली अस्पताल भेजा गया।

एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत से परिवार टूट गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर