बालाघाटः डबल मनी घोटाला मामले में एसआईटी को मिले 18.5 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज
बालाघाट।, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बहुचर्चित 'डबल मनी' घोटाले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को रिमांड पर लिए गए आरोपियों के पास से 18.61 करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं, जिनमें 14.82 करोड़ रुपये के चेक और 122 जमीनों की रजिस्ट्री शामिल है।
एसआईटी प्रमुख और सीएसपी मयंक तिवारी ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी प्रद्युमन कंकरायने, रामप्रसाद मंसुरे और दिनेश कंकरायने के घरों से 122 जमीनों की रजिस्ट्री (कीमत ₹18.61 करोड़) मिली हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन निवेश से जुड़े ₹14.82 करोड़ के 617 चेक, 20 रजिस्टर, भूमि ऋण पुस्तिकाएं, पावर ऑफ अटॉर्नी, लगभग 1500 कोरे चेक, 59 बैंक इंस्टा किट, टैक्स और जीएसटी रिटर्न के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने जानकारी दी कि जब्त किए गए रजिस्टरों में दर्ज सभी निवेशकों की सुनवाई की जाएगी, ताकि उन्हें उनके निवेश का पैसा वापस दिलाया जा सके। इस सुनवाई की प्रक्रिया जल्द ही पुलिस विभाग द्वारा शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि बालाघाट के लांजी क्षेत्र में 2016-17 से चल रहे इस खेल में 6 से 9 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठे गए थे। बड्स एक्ट के तहत केस दर्ज होने के बाद आरोपी जमानत पर फरार हो गए थे। पुलिस ने 20 जुलाई को चार साल से फरार मुख्य आरोपी सोमेंद्र कंकरायने समेत उसके 7 साथियों (तामेश मंसूरे, राकेश मंसूरे, प्रदीप कंकरायने, दिनेश कंकरायने, रामप्रसाद मंसूरे, प्रद्युमन कंकरायने और रूखचंद हरदे) को गिरफ्तार किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर