मप्रः काले हिरण और चिंकारा के शिकारी और तस्कर की जमानत याचिका खारिज
- अवैध शिकार और उनके मांस की तस्करी के 6 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में काले हिरण एवं चिंकारा के अवैध शिकार तथा उनके मांस की तस्करी के मुख्य आरोपी सबाह अंतुले की जमानत याचिका को उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली की युगल पीठ ने खारिज कर दिया है।
जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएसएफ इंदौर इकाई, स्थानीय पुलिस और वनमंडल इंदौर की संयुक्त टीम ने किशनगंज में की गई कार्रवाई के दौरान लगभग 65 किलोग्राम वन्यजीव मांस, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इनोवा क्रिस्टा वाहन जब्त कर तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी तस्कर और वन्य जीवों का अवैध शिकार करने के आरोपी सबाह ने इंदौर स्थित उच्च न्यायालय की खंडपीठ में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में विशेष अनुमति याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान एसटीएसएफ की दलीलों से सहमत होते हुए उच्चतम न्यायालय की युगल पीठ ने आरोपी सबाह अंतुले की जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी सबाह 27 अक्टूबर 2025 से केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
इस मामले में वनमंडल इंदौर द्वारा भारतीय वन अधिनियम, 1927 एवं वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण 3 दिसंबर 2024 को दर्ज किया था। प्रकरण में एसटीएसएफ की इंदौर इकाई ने विवेचना करते हुए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए और इस अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के विरुद्ध पृथक प्रकरण दर्ज किया। अब तक इस संगठित गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर