मप्रः विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने किए भगवान महाकाल के दर्शन

 




उज्जैन, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने गुरुवार शाम को उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के दर्शन किए। उनके साथ विधायक चिंतामण मालवीय, विधायक सतीश मालवीय, श्याम बंसल सहित पार्टी के अन्य नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने तोमर ने नंदीगृह से बाबा महाकाल के दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। मंदिर पहुंचने पर सहायक प्रबंधक जूनवाल ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर भी चर्चा की।

दर्शन के बाद तोमर ने कहा कि सावन मास में बाबा महाकाल के दरबार में दर्शन करना निश्चित रूप से सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह सौभाग्य मिला और उन्होंने बाबा से प्रार्थना की कि सभी को आशीर्वाद और शक्ति मिले, ताकि वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक और ईमानदारी से निर्वहन कर सकें। उन्होंने भगवान से यह भी प्रार्थना की है कि देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ें और अधिक सशक्त बनें।

उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर उन्होंने बताया कि शहर में लगातार विकास कार्य जारी हैं। सिंहस्थ-2028 की तैयारियां भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं और आने वाला सिंहस्थ भव्य एवं दिव्य होगा। महाकाल दर्शन से पूर्व, नरेंद्र सिंह तोमर पूर्व मंत्री स्वर्गीय पारस जैन के निवास पर भी पहुंचे। उन्होंने वहां पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर