मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से, अधिसूचना जारी
भोपाल, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार, 20 जुलाई से शुरू होगा। यह पांच दिवसीय सत्र 24 जुलाई तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय द्वारा मंगलवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा अनुमोदित तदाशय की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र होगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र सोमवार, 20 जुलाई से आरंभ होकर शुक्रवार, 24 जुलाई तक चलेगा। इस पांच दिवसीय सत्र में महत्वपूर्ण शासकीय कार्य संपादित किए जाएगे। इसके लिए विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 24 जून, 2026 तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 9 जुलाई,2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण, नियम 267 - क के अधीन सूचनाएं विधानसभा में 14 जुलाई ,2026 से कार्यालय में पूर्वान्ह 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 तक प्राप्त की जाएंगी।
मप्र सरकार ने मानसून सत्र को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। इस सत्र में राज्य सरकार अपना पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी, साथ ही कई विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इस सत्र में प्रदेश में यूसीसी लागू करने का प्रस्ताव भी लाया जा सकता है। वित्त और अन्य विभागों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर