मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से, अधिसूचना जारी

 


- 19 दिवसीय सत्र में कुल 12 बैठकें होंगी

भोपाल, 15 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू होकर 6 मार्च 2026 तक चलेगा। इस 19 दिवसीय सत्र में सदन की कुल 12 बैठकें होंगी, जिनमें महत्वपूर्ण शासकीय कार्य संपादित किए जाएंगे। इस संबंध में गुरुवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा अनुमोदित तदाशय की अधिसूचना विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कर दी गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, बजट सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 4 फरवरी, 2026 तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 5 फरवरी, 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण, नियम 267 - क के अधीन सूचनाएं विधानसभा में 10 फरवरी, 2026 से कार्यालय में पूर्वान्ह 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 तक प्राप्त की जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का यह नवम सत्र होगा। इस 19 दिवसीय सत्र के दौरान 21, 22 और 28 फरवरी को अवकाश रहेगा, जबकि 1 मार्च को रविवार और 3 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। इस सत्र के दौरान कुल 12 बैठक होंगी। इस सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश करेगी। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा इस सत्र में वित्त वर्ष 2026-2027 का मुख्य बजट पेश करेंगे। सरकार इस साल कृषक कल्याण वर्ष मना रही है। इसलिए इस बार के बजट से किसानों और मध्यम वर्ग के लोगों को काफी उम्मीदें हैं। बजट सत्र में सरकार अपनी आर्थिक योजनाओं और नीतियों को सदन के सामने रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर