मप्रः दतिया में पांच विद्युत बकायादारों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित

 


- विद्युत बिल का भुगतान नहीं करने वाले शस्त्र लाइसेंसधारियों के विरुद्ध कार्रवाई

भोपाल, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विद्युत बकाया राशि की वसूली के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दतिया जिले में लंबे समय से विद्युत बिल का भुगतान नहीं करने वाले पांच शस्त्र लाइसेंसधारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। महाप्रबंधक, वृत्त दतिया धर्मेन्द्र कौशिक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के आधार पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, दतिया ने पांच बकायादारों के शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए हैं।

कलेक्टर कार्यालय द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार राधेश्याम, अरविंद कुमार यादव, मनोहर कुशवाहा, बद्री प्रसाद एवं अशोक श्रीवास्तव के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है। संबंधित बकायादारों द्वारा लंबे समय से विद्युत बकाया राशि जमा नहीं की गई थी। पूर्व में कारण बताओ सूचना जारी किए जाने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई। आदेश में संबंधित शस्त्र एवं एम्यूनिशन तत्काल संबंधित थाने में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि दतिया जिले में विद्युत बकाया राशि की वसूली के लिए पूर्व में भी लगभग 200 शस्त्र लाइसेंसधारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। कार्रवाई के बाद 73 बकायादारों द्वारा विद्युत बकाया राशि जमा कराई गई, जिससे लगभग एक करोड़ रुपये की राजस्व वसूली हुई है। इससे स्पष्ट है कि विद्युत विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई का बकायादारों पर प्रभावी असर हो रहा है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लंबे समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं से लगातार विद्युत बिल जमा करने की अपील की जा रही है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि विद्युत बिल का समय पर भुगतान करना प्रत्येक उपभोक्ता की जिम्मेदारी है। लंबे समय से बकाया रखने वाले बड़े बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं में समय पर विद्युत बिल जमा करने के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। समय पर बिल जमा करने से विद्युत व्यवस्था के संचालन में मदद मिलती है और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने में भी सुविधा होती है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत बिल का समय पर भुगतान करें और अनावश्यक रूप से बकाया न रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर