मप्रः पुलिस परामर्शदात्री एवं पुलिस कल्याण समिति की वार्षिक बैठक सोमवार को

 


- पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में होगा आयोजन

भोपाल, 01 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण, सेवा संबंधी सुविधाओं तथा कार्य परिस्थितियों में निरंतर सुधार के उद्देश्य से राज्यस्तरीय संयुक्त पुलिस परामर्शदात्री समिति एवं पुलिस कल्याण समिति की वार्षिक बैठक पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में सोमवार, 02 नवंबर को प्रातः 10 बजे भोपाल स्थित आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि इस बैठक का उद्देश्य पुलिस बल के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच संवाद को प्रभावी बनाना तथा पुलिसकर्मियों की सेवा संबंधी आवश्यकताओं, कल्याणकारी सुविधाओं और व्यावहारिक समस्याओं पर संस्थागत स्तर पर विचार-विमर्श को प्रोत्साहित करना है।

बैठक में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं वाहिनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में पुलिस बल के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जुड़े सेवा संबंधी विषयों, उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं तथा कल्याणकारी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। राज्यस्तरीय संयुक्त पुलिस परामर्शदात्री समिति एवं पुलिस कल्याण समिति पुलिस नेतृत्व और मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार, ड्यूटी एवं अवकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं, आवास, शिक्षा, आर्थिक एवं आकस्मिक सहायता तथा परिवार कल्याण से जुड़े विषयों पर सुझाव प्राप्त कर आवश्यक पहल की जाती है।

इसके अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहन, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के कल्याण तथा पुलिस परिवारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने जैसे विषय भी बैठक के महत्वपूर्ण केंद्र में रहेंगे। पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है कि मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की जरूरतों और अनुभवों को नीतिगत स्तर पर उचित स्थान मिले। इस दृष्टि से परामर्शदात्री समिति पुलिस नेतृत्व और पुलिसकर्मियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं के आधार पर कल्याणकारी व्यवस्थाओं को अधिक उपयोगी, व्यावहारिक और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर