मप्र में आनंद उत्सवों से खुशी की लहर, सिवनी और देवास में सर्वाधिक कार्यक्रम आयोजित
भोपाल, 29 मई (हि.स.) । राज्य आनंद संस्थान द्वारा आयोजित आनंद उत्सव 2026 में प्रदेश के जिलों ने उत्साह के साथ भागीदारी कर खुशी और सकारात्मकता का संदेश दिया। प्रदेशभर में ग्रामीण, नगरीय, विकासखंड और जिला स्तर पर हजारों कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आनंद से जोड़ने का काम किया गया।
सिवनी और देवास ने हासिल की शत-प्रतिशत उपलब्धि
जनसंपर्क अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सिवनी जिले ने सभी स्तरों पर शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर पूरे प्रदेश में प्रेरणा पेश की। यहाँ ग्रामीण स्तर पर 147, नगरीय में 3, विकासखंड में 8 और जिला स्तर पर 53 कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुए। इसी तरह देवास जिले ने भी ग्रामीण स्तर पर 219 और नगरीय स्तर पर 77 कार्यक्रम आयोजित कर शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की।
बालाघाट, टीकमगढ़ और श्योपुर का बेहतर प्रदर्शन
बालाघाट जिले में नगरीय स्तर पर सभी 16 कार्यक्रम पूरे हुए। टीकमगढ़ ने ग्रामीण स्तर पर 136 और नगरीय स्तर पर 25 कार्यक्रम आयोजित कर लक्ष्य हासिल किया। श्योपुर जिले में भी नगरीय स्तर पर 12 के 12 कार्यक्रम संपन्न हुए, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा।
विकासखंड और जिला स्तर पर भी दिखी सक्रियता
छिंदवाड़ा, ग्वालियर, उमरिया और शाजापुर जैसे जिलों में सभी विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित हुए। खरगौन जिले ने 8 में से 7 विकासखंडों में कार्यक्रम कर बेहतर भागीदारी दिखाई। जिला स्तर पर प्रदेश में 63 में से 56 कार्यक्रम पूरे हुए, जो 89 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाता है।
प्रदेशभर में हजारों कार्यक्रमों से जुड़े लोग
राज्य आनंद संस्थान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 4717 ग्रामीण, 458 नगरीय, 74 विकासखंड और 56 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुए। अल्पविराम, आनंद शिविर और आनंद क्लब जैसी गतिविधियों ने लोगों को आपस में जोड़कर जीवन में सकारात्मकता बढ़ाने का काम किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत