मप्र में अमूल दूध हुआ महंगा, चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़े दाम
भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अमूल दूध खरीदने वालों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने दूध के अलग-अलग वेरिएंट के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगी। इसके साथ ही अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 से बढ़कर 74 रुपये और अमूल फ्रेश 57 से बढ़कर 59 रुपये का हो जाएगा।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे अधिक खपत होती है। यहां प्रतिदिन करीब 4.5 लाख लीटर से ज्यादा अमूल दूध की बिक्री होती है। इसमें इंदौर सबसे आगे है, जहां रोजाना करीब सवा लाख लीटर दूध बिकता है। भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में भी प्रतिदिन 50 से 80 हजार लीटर के बीच खपत है।
सप्लायर्स को नई कीमतों की सूचना
अमूल की ओर से दूध के नए दाम लागू करने की जानकारी सप्लायर्स को मौखिक रूप से दे दी गई है। हालांकि, अभी तक लिखित आदेश नहीं मिले हैं। सप्लायर हरीश के मुताबिक, गुरुवार से भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में उपभोक्ताओं को नई दरों पर दूध मिलेगा।
भोपाल में खुले दूध की खपत ज्यादा
भोपाल में पैकेट वाले दूध के मुकाबले खुले दूध की बिक्री अधिक है। शहर में प्रतिदिन 6 से 8 लाख लीटर खुले दूध की खपत होती है। पैक्ड दूध के बाजार में सांची की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। इसकी रोजाना औसतन 3 लाख लीटर बिक्री होती है, जबकि अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर है।
इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बाजार में मौजूदगी है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त दैनिक खपत करीब एक लाख लीटर है। इनकी आपूर्ति शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होती है।
मदर डेयरी के बढ़े दाम का एमपी में असर नहीं
मदर डेयरी ने भी बुधवार को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नई दरें लागू नहीं हुई हैं। कंपनी की प्रदेश में रोजाना करीब डेढ़ लाख लीटर दूध की आपूर्ति है। इसमें भोपाल की खपत लगभग 25 हजार लीटर है।
मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी मदर डेयरी का दूध पहुंचता है। स्थानीय वितरकों के मुताबिक, प्रदेश में इसकी कीमतों में बदलाव का फैसला सांची या स्थानीय दूध संघों की दरों के आधार पर होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर