मप्र के अमित कुमार को राष्ट्रपति मुर्मू 15 अगस्त को करेंगी सम्मानित, साथ में करेंगे लंच
जबलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रांझी स्थित बापू नगर निवासी 38 वर्षीय अमित कुमार को आगामी 15 अगस्त को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी। इतना ही नहीं, अमित राष्ट्रपति के साथ दोपहर का भोजन भी करेंगे। इसके लिए उन्हें राष्ट्रपति भवन का विशेष आमंत्रण मिला है।
जानकारी के मुताबिक श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से जुड़ी अटल पेंशन योजना (पूर्व में जनधन से जुड़ी पेंशन सुविधा के तहत) में नियमित प्रीमियम जमा करने वाले जबलपुर के अमित कुमार का चयन देशभर के उन 10 लोगों के साथ हुआ है, जिन्हें भारत सरकार अपने खर्च पर दिल्ली बुला रही है। अमित को यह सम्मान योजना में वर्षों से नियमित योगदान देने और अनुशासित निवेश के लिए दिया जा रहा है।
अमित कुमार ने शनिवार को बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में इस योजना में पंजीयन कराया था। तब से वे हर महीने बिना किसी चूक के 130 रुपये का प्रीमियम जमा कर रहे हैं। वह शुक्रवार को अपने घर पर थे, तभी उन्हें खमरिया डाकघर से फोन आया। डाक विभाग के अधिकारियों ने उनका पता सत्यापित किया और कुछ ही देर बाद डाक अधीक्षक व पोस्टमैन उनके घर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति भवन से भेजा गया आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। आमंत्रण के साथ दिल्ली आने-जाने की हवाई यात्रा, राष्ट्रपति भवन में प्रवेश पास, एक दिन के ठहरने की व्यवस्था और स्मृति उपहार भी उपलब्ध कराया गया है।
अमित कुमार ने बताया कि जब उन्हें चयन की जानकारी मिली तो पहले विश्वास ही नहीं हुआ। राष्ट्रपति भवन का आमंत्रण हाथ में आने के बाद भी उन्हें यह किसी सपने जैसा लग रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के बीच उनका चयन होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से हूं। कभी कल्पना भी नहीं की थी कि राष्ट्रपति से मिलने और उनके हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलेगा। इसके लिए मैं श्रम विभाग और भारत सरकार का आभारी हूं।
राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने की खबर फैलते ही अमित के परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों में खुशी का माहौल है। सभी इसे जबलपुर के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर