मप्र में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की पुनः परीक्षा तिथि में संशोधन

 


- 16 से 23 जून तक चलेगी पुनः परीक्षा, केंद्र ने जारी की समय-सारिणी

भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की पुनः परीक्षा की तिथियों में संशोधन किया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को नई समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार पुनः परीक्षा का आयोजन 16 जून से 23 जून तक किया जाएगा। इसके बाद 24 से 28 जून के बीच उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि पुनः परीक्षा के आयोजन संबंधी अन्य सभी पूर्व निर्देश यथावत रहेंगे।

राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा बताया गया कि पूर्व में यह परीक्षा 01 जून से 06 जून 2026 तक आयोजित की जानी थी, अपरिहार्य कारणों के चलते पुनः परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है। पहले जारी टाइम टेबल में संशोधन करते हुए अब परीक्षाएं निर्धारित नई तारीखों पर आयोजित होंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का आयोजन परिशिष्ट-1 और 2 में दी गई संशोधित समय-सारणी के अनुसार किया जाएगा।

पुनः परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 24 जून से 28 जून 2026 के बीच पूरा कराया जाएगा। इससे परिणाम प्रक्रिया में देरी न हो, इस पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजन से संबंधित अन्य सभी दिशा-निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे। केवल परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है, बाकी प्रक्रिया में कोई परिवर्तन नहीं होगा।

राज्य शिक्षा केन्द्र ने यह आदेश सभी जिलों के कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजा है, ताकि परीक्षा आयोजन सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। विभाग स्तर पर परीक्षा की निगरानी को लेकर भी तैयारी की जा रही है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही की स्थिति न बने।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर