अग्निवीर भर्ती रैली: इंदौर-उज्जैन संभाग के 15 जिलों के युवाओं के लिए आवेदन आमंत्रित
इंदौर, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती रैली 2027 के लिए आवेदन के लिए सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा विज्ञापन जारी किया गया है। इंदौर एवं उज्जैन संभाग के 15 जिलों के योग्य एवं इच्छुक युवा इस सेना भर्ती रैली के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती रैली में भाग लेने के लिये ऑनलाईन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। अभ्यर्थी 10 अप्रैल 2026 तक अपना आवेदन भर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की अधिकृत वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी विज्ञापन अथवा उक्त वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत रिटर्न परीक्षा, फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट, फिजिकल फिटनेस टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण एवं पात्रता जांच आदि चरण शामिल रहेंगे। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि के पूर्व आवेदन कर आवश्यक जानकारी का अवलोकन अवश्य करें, जिससे भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर