मप्रः मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए घर-घर पहुंचा प्रशासन, युवाओं- नवविवाहितों को किया प्रेरित

 


सीहोर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शनिवार को मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण 2027 के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत तहसीलदार रामलाल पगारे ने नगर के वार्ड क्रमांक 15 के अन्तर्गत इंदिरा कॉलोनी में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। पगारे ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को फॉर्म-6 के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।

तहसीलदार रामलाल पगारे ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है। घर-घर भ्रमण के दौरान नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही विवाह वाले घर पर जाकर नवविवाहित जोड़ों को भी अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के तहत शासकीय शहीद भगतसिंह महाविद्यालय आष्टा में विद्यार्थियों के बीच भी जनजागृति की गई।तहसीलदार श्री पगारे ने युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करते हुए मतदान के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण योगदान होता है और मतदान के माध्यम से नागरिक देश के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं।

तहसीलदार पगारे ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यदि नाम दर्ज नहीं है तो आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सूची में शामिल कराएं।प्रशासन का प्रयास है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर