मप्रः कटनी हादसे पर जिला प्रशासन का एक्शन, बस मालिक एवं वाहन चालक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज

 


- हादसे में एक बच्ची की मौत और 33 यात्री घायल, बस की फिटनेस निरस्त और चालक का लाइसेंस निलंबित, बस का परमिट निरस्त

भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में विजयराघवगढ़-बंजारी के पास शनिवार को हुई बस दुर्घटना में किशोरी की मृत्यु और 33 यात्रियों के घायल होने की घटना पर जिला प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है।

कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने बस मालिक शेख यासीन एवं वाहन चालक सत्यम पाण्डेय के विरूद्ध विजयराघवगढ़ पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(a), भारतीय न्याय संहिता 281 एवं मोटरयान अधिनियम 1988 (संशोधन 2015,2019) की धारा 184 के तहत एफआईआर दर्ज करवाई है।

कलेक्टर के निर्देश पर एआरटीओ द्वारा बस का फिटनेस निरस्त कर दिया गया है। साथ ही बस चालक का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। बस परिचालन का परमिट भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। एआरटीओ संतोष पाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस रजा बस सर्विस की है, जिसका बस क्रमांक एमपी-14-बीडी-0811 है।

विजयरावघगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया बंजारी के पास रज़ा बस सर्विस की एक यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस से विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पिपरा गांव की 16 वर्षीय शिवानी लोधी पुत्री संतोष की अस्पताल ले जाते रास्ते में ही मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। शुरुआती जांच में ओवरस्पीडिंग या तकनीकी खराबी की आशंका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

घटना की जानकारी मिलने पर कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा तत्काल विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। कलेक्टर कटनी ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर तिवारी ने बस दुर्घटना में मृत छात्रा के परिजनों को जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से 20 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार विजयराघवगढ़ द्वारा मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से मृत बालिका के परिजन को आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रकरण भी तैयार किया जा रहा है।

घायलों का उपचार जारी

बस दुर्घटना में 33 घायलों का तत्काल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में उपचार शुरू किया गया, 12 गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। बीएमओ विजयराघवगढ़ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में भर्ती 8 मरीजों का उपचार चल रहा है, शेष भर्ती सभी मरीजों को उपचार एवं दवाई देकर डिस्चार्ज कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर