मप्र के कटनी से 12 करोड़ के जेवर चोरी मामले में एक आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार, छह की तलाश जारी
कटनी, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से करीब 12 करोड़ रुपये के जेवर चोरी करने वाले गिरोह तक पहुंचने में पुलिस को पहली सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल झारखंड के साहिबगंज निवासी बदरुद्दीन शाह (48) को रविवार को कोलकाता रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पर शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर रास्ता बनाने और अंदर मौजूद साथियों की मदद करने का आरोप है। इस वारदात में कुल सात लोग शामिल थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे दबोचा। रविवार को अदालत में पेशी के बाद उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि बदरुद्दीन को चोरी में हिस्सा नहीं मिला था। यही वजह है कि गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए। पुलिस अब उससे पूछताछ कर फरार आरोपियों और चोरी गए माल के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दीवार में छेद कर बनाया था घुसने का रास्ता
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 12 नवंबर को शोरूम के पिछले हिस्से की ईंट की दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। करीब 1.75 फीट का छेद बनाकर बदमाश अंदर दाखिल हुए। दीवार तोड़ते समय आवाज बाहर तक न पहुंचे, इसके लिए नीचे पत्ते बिछाए गए थे। बदरुद्दीन की जिम्मेदारी दीवार तोड़ने और अंदर मौजूद साथियों को औजार उपलब्ध कराने में मदद करने की थी।
अलग-अलग शहरों से जुटाए थे औजार
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात की तैयारी के लिए गिरोह ने अलग-अलग स्थानों से उपकरण खरीदे थे। पेचकस और पाना मुंबई से लाए गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से जुटाए गए थे। तिजोरी को गैस कटर से काटकर बदमाशों ने करीब 12 करोड़ रुपए के आभूषण समेट लिए थे। वारदात के बाद शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी के पास गैस कटर और ऑक्सीजन व घरेलू गैस सिलेंडर मिले थे।
32 कैमरों के बावजूद पूरी वारदात नहीं हुई रिकॉर्ड
शोरूम में सुरक्षा के लिए 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन चोरों ने पहले कैमरों को बंद किया और फिर वारदात को अंजाम दिया। आईजी प्रमोद वर्मा ने बताया कि सामने आए फुटेज में एक आरोपी पेचकस और पाना लेकर काउंटर खोलने की कोशिश करता दिखाई दिया, जबकि दूसरा दीवार में बनाए गए छेद के बाहर से उसे औजार थमा रहा था।
शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, इमारत के पिछले हिस्से में अंधेरा रहता था। वहां न तो रोशनी की व्यवस्था थी और न ही सीसीटीवी कैमरे लगे थे। यह हिस्सा सरकारी जमीन से लगा होने के कारण सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा सके थे।
दिवाली के कारण शोरूम में ज्यादा था माल
शोरूम संचालक ने बताया कि कंपनी की ओर से लॉकर या तिजोरी की व्यवस्था नहीं थी। सभी आभूषण डिस्प्ले काउंटरों में रखे जाते थे। दिवाली के त्योहार के चलते शोरूम में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक जेवर रखे हुए थे। इसी दौरान गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदरुद्दीन कटनी में अन्य संस्थानों की भी रेकी कर रहा था। इस दौरान उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। मोबाइल लोकेशन और फुटेज की मदद से पुलिस उस तक पहुंची। अब आठ दिन की रिमांड में उससे पूछताछ कर गिरोह के बाकी छह सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर