मप्र में 93 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को मिली पदोन्नति, एम. सेलवेंद्रन बने प्रमुख सचिव
भोपाल, 31 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को पदोन्नत किया है। इस संबंध में बुधवार देर शाम सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग की तरफ से आदेश जारी किया गया है। यह आदेश 1 जनवरी 2026 से लागू होंगे। जारी आदेश में 93 आईएएस औरआईपीएस अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है। इसमें कई अधिकारियों को सचिव, प्रमुख सचिव, डीजी और स्पेशल डीजी जैसे अहम पद मिले हैं। इनमें सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत एम सेल्वेंद्रन को प्रमुख सचिव और आशुतोष राय को स्पेशल डीजी और जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा को एडीजी के पद पर पदोन्नत किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में 16 आईएएस अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें जिन अधिकारियों के नाम शामिल है, उसमें प्रबंध संचालक मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अनय द्विवेदी, भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं तरुण राठी, आयुक्त खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग कर्मवीर शर्मा, आयुक्त कोष एवं लेखा भास्कर लक्षकार, आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल, आयुक्त उज्जैन संभाग आशीष सिंह, आयुक्त पंचायत राज संचालनालय छोटे सिंह, आयुक्त लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा नियंत्रक खाद्य और औषधि प्रशासन दिनेश श्रीवास्तव, सदस्य राजस्व मंडल सपना निगम, आयुक्त जनसंपर्क दीपक कुमार सक्सेना, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राम प्रताप सिंह जादौन, आयुक्त कौशल विकास बसंत कुर्रे, आयुक्त चंबल संभाग सुरेश कुमार, सचिव मुख्यमंत्री चंद्रशेखर वालिम्बे तथा सचिव नगरीय विकास और आवास विभाग शीलेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं। अभी यह सभी अधिकारी विभागों में अपर सचिव और ओएसडी के रूप में कार्य कर रहे थे।
11 कलेक्टर समित 24 आईएएस अपर सचिव बने
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में 24 आईएएस अफसरों को अपर सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसमें 11 जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। जो अधिकारी अपर सचिव के पद पर प्रमोट हुए हैं और उनकी पदस्थापना यथावत रखी गई है। उसमें धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, ऊर्जा विकास निगम के एमडी अमन बीर सिंह बैंस, नरसिंहपुर कलेक्टर रजनी सिंह, मध्य प्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी मयंक अग्रवाल, नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना, सतना कलेक्टर सतीश कुमार एस, मध्य प्रदेश खनिज निगम के प्रबंध संचालक फ्रैंक नोबल ए, मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी एस कृष्ण चैतन्य, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनूप कुमार सिंह, सागर कलेक्टर संदीप जी आर, राजगढ़ कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ओएसडी सह आयुक्त भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं होम्योपैथी उमा महेश्वरी आर, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, अपर सचिव मुख्यमंत्री विकास मिश्रा, अपर सचिव लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग अजय श्रीवास्तव, सचिव जनजातीय प्रकोष्ठ राज भवन मीनाक्षी सिंह, अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन और विकास विभाग कैलाश वानखेड़े, अपर आयुक्त राजस्व जबलपुर संभाग अमर बहादुर सिंह, अपर परियोजना संचालक राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान मनीषा सेंतिया, पांढुर्णा कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, गुना कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल, और अपर सचिव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग रूही खान के नाम शामिल हैं।
वहीं, गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1994 बैच के आईपीएस आशुतोष राय को स्पेशल डीजी पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं, जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक/ पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके अलावा उप पुलिस महानिरीक्षक निरंजन बी वायंगणकर को पुलिस महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक शियांस ए को पुलिस महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक ललित शाक्यवार को पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं, आईपीएस कैडर में भी अहम बदलाव किए गए हैं। 13 आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी पद पर पदोन्नत किया गया है। शासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति के बावजूद अधिकारियों के वर्तमान कार्यक्षेत्र में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। वे अपने मौजूदा दायित्वों के साथ ही उच्च पद का कार्यभार संभालेंगे। जानकारी के अनुसार कुछ अधिकारियों की पदोन्नति सेवा अभिलेख, विभागीय जांच या अन्य प्रशासनिक कारणों से फिलहाल रोकी गई है। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर