मप्रः शाजापुर के ग्राम बाड़ीगांव में दो दिनों में 280 कृष्णमृगों का सफल रेस्क्यू
- मानव–वन्यप्राणी द्वंद्व एवं फसल क्षति कम करने के लिए कृष्णमृग स्थानांतरण अभियान में अब तक 1,275 वन्यजीव किए गए रेस्क्यू
भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मालवा अंचल के शाजापुर–शुजालपुर क्षेत्र में कृष्णमृग (ब्लैकबक) कैप्चर एवं स्थानांतरण अभियान का द्वितीय चरण जारी है। अभियान के अंतर्गत ग्राम बाड़ीगांव में सोमवार को 169 तथा मंगलवार को 111 वन्यजीवों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। ग्राम बाड़ीगांव में दो दिनों में कुल 280 वन्यजीवों का रेस्क्यू किया गया है। इसके साथ ही अभियान में अब तक रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों की कुल संख्या 1,275 हो गई है।
जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मानव–वन्यप्राणी द्वंद्व एवं फसलों को होने वाली क्षति को कम करना, प्रभावित ग्रामीण समुदायों को राहत प्रदान करना तथा वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से उपयुक्त वन्य आवास में स्थानांतरित करना है। अभियान के द्वितीय चरण में कृष्णमृगों के स्थानांतरण का लक्ष्य 2,000 निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान में दक्षिण अफ्रीकी विशेषज्ञ संस्था कंजर्वेशन सॉल्यूशंस का तकनीकी सहयोग प्राप्त हो रहा है। पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षित मैदानी कर्मचारियों की टीम निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार वन्यजीवों के सुरक्षित रेस्क्यू, हैंडलिंग एवं परिवहन का कार्य कर रही है। वन्यजीवों की सुरक्षा एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
वन विभाग द्वारा जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान के दौरान टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा वन्यजीवों की सुरक्षा एवं अभियान के सुचारु संचालन में सहभागी बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर