तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में 20 हजार दीपों से जगमगाया नर्मदा तट, महाआरती और आतिशबाजी ने मोहा मन
खंडवा, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट की ओर से शनिवार देर शाम मां नर्मदा के ब्रह्मपुरी घाट पर आयोजित भव्य दीपोत्सव में 20 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। इस दौरान पावन नर्मदा का तट स्वर्णिम रोशनी से जगमगा उठा। आयोजन के दौरान महाआरती, दीपदान, प्रसादी वितरण, आकाशीय आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस दीपोत्सव के अवसर पर नर्मदा तट पर दीपों की अद्भुत छटा के साथ-साथ मंदिर परिसर, घाटों और डैम क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी, जिसने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक और उत्सवी माहौल में सराबोर कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने इस भव्य आयोजन में सहभागिता की।
इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह ने आयोजन को सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ओंकारेश्वर की धार्मिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह आयोजन मंदिर ट्रस्ट की ओर से किया गया है। एसडीएम साहब के साथ विचार-विमर्श कर निर्णय लिया गया है कि यह कार्यक्रम हर वर्ष इसी तरह और अधिक भव्यता के साथ आयोजित होता रहेगा। हम सभी दर्शनार्थियों का हृदय से स्वागत और अभिनंदन करते हैं तथा आशा करते हैं कि आने वाले समय में श्रद्धालु और अधिक संख्या में पधारकर इस उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।
इधर पुनासा एसडीएम एवं मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) पंकज वर्मा ने भी इस आयोजन की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से ही यह दीपोत्सव इतना भव्य बन सका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष दीपोत्सव को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर