मध्य प्रदेश के विभिन्न जेलों से स्वतंत्रता दिवस के रिहा हुए 115 बंदी

 


भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन जेल विभाग की समय पूर्व रिहाई नीति, 2025 के तहत 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रदेश की विभिन्न जेलों में सजा काट कर रहे कुल 115 बंदियों को रिहा किया गया। इनमें 110 पुरुष बंदी एवं पांच महिला बंदी शामिल हैं। यह रिहाई जेल में निरूद्ध रहने के दौरान बंदी के अच्छे आचरण, अनुशासित व्यवहार और निर्धारित नियमों के पालन के आधार पर दी गई है।

प्रदेश के जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने मध्य प्रदेश शासन की समय पूर्व रिहाई नीति के तहत वर्ष में पांच विशेष अवसरों- गणतंत्र दिवस, अंबेडकर जयंती, स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती और राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर पात्र कैदियों को रिहा किया जाता है। इस साल स्वतंत्रता दिवस पर जबलपुर सर्किल से 18, भोपाल सर्किल से 15, रीवा सर्किल से 15, सतना सर्किल से 11, इंदौर सर्किल से 12, उज्जैन सर्किल से 12, सागर सर्किल से 08, नर्मदापुरम सर्किल से 07, बड़वानी सर्किल से 07, ग्वालियर सर्किल से 06 एवं नरसिंहपुर सर्किल से 04 बंदियों को रिहा किया गया।

जेल महानिदेशक डॉ. कपूर ने रिहा होने वाले बंदियों को शुभकामनाएं दी एवं रिहाई के बाद पुनः अपराध न करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि रिहा होने वाले कैदियों को जेल में रहने के दौरान पुनर्वास के लिए टेलरिंग, कारपेंट्री, लोहारी, भवन मिस्त्री और भवन-सामग्री निर्माण जैसे कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि जेल से बाहर निकलने के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें एवं समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर