आगरमालवाः कलेक्टर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव किया पारित

 


आगरमालवा, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित नई कृषि उपज मंडी के किसान भवन में शुक्रवार को हुई भारतीय किसान संघ की जिला बैठक में किसानों की समस्याओं के प्रति नकारात्मक और असंवेदनशील रवैया अपनाने तथा किसानों में फूट डालने का गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा के खिलाफ सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित करने के बाद मध्य प्रदेश शासन के मुख्य सचिव के नाम का एक ज्ञापन एएसपी रविंद्र कुमार बोयत को सौपकर कलेक्टर को हटाने की मांग गई।

निंदा प्रस्ताव पारित करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में किसान संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि गत 02 सितंबर को किसानों की प्रमुख समस्याओं को लेकर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा के साथ एक आधिकारिक चर्चा हुई थी। इस बैठक में संघ ने मुख्य रूप से 2025 की फसल बीमा राशि के भुगतान सहित किसानों की अन्य ज्वलंत मांगें रखी थीं। किसान प्रतिनिधियों का आरोप है कि कलेक्टर ने समस्याओं का समाधान करने के बजाय उल्टा किसान नेताओं पर ही किसानों को भड़काने का बेबुनियाद आरोप लगा दिया।

कलेक्टर के इस रवैये से आक्रोशित किसान संघ ने पुलिस अधीक्षक के माध्यम से अपना निंदा प्रस्ताव मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजा है। संघ ने मांग की है कि जो अधिकारी आम जनता और किसानों की समस्याओं को सुनने में रुचि न रखे, उसे तुरंत जिले से हटाया जाए। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस निंदा प्रस्ताव के बाद भी जिले की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और किसानों की मांगें नहीं मानी गईं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव और तालाबंदी की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा