सागरः राहतगढ़ बस स्टैंड होगा इतिहास, 8 मई से मोतीनगर के नए बस स्टैंड से दौड़ेंगी बसें

 


सागर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने सोमवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन में हुई बस ऑपरेटर संघ की अहम बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी शुक्रवार, 8 मई से भोपाल मार्ग की सभी बसें अब मोतीनगर स्थित नए बस स्टैंड से संचालित की जाएंगी। इसी के साथ सालों पुराने राहतगढ़ बस स्टैंड को पूर्ण रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है।

शहर के मुख्य क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव और सड़कों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यह बदलाव किया गया है। नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री और अपर कलेक्टर अविनाश रावत की मौजूदगी में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति बनी कि राहतगढ़ बस स्टैंड अब बसों के संचालन के लिए उपयुक्त नहीं है।

भोपाल की ओर जाने वाली सभी बसें अपने निर्धारित समय पर मोतीनगर के नए बस स्टैंड पर पहुंचेंगी और वहीं से सवारियां लेंगी। बस ऑपरेटर संघ की मांग पर नगर निगम यहाँ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक अस्थायी पुलिस चौकी भी स्थापित की जाएगी।यातायात एवं जिला पुलिस के जवान चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, आरटीओ मनोज तेन्हंगुरिया सहित बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष संतोष पांडे और अतुल दुबे ने भी अपनी सहमति जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे