अनूपपुर: अमरकंटक के नर्मदा उद्गम के कोटि तीर्थ और गांधी घाट के स्नान कुंडों में जमी काई, श्रद्धालुओं के फिसलन से गिरने का खतरा

 




अनूपपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की नर्मदा नगरी अमरकंटक के कोटि तीर्थ घाट और गांधी कुंड में काई और कचरा जमा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। पानी की सतह पर काई की मोटी परत जमी है और जगह-जगह कचरा तैर रहा है। कुंडों की सतह पर फिसलन के कारण स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के गिरने का खतरा है। गंदगी देखकर कुछ श्रद्धालु कुंडों में स्नान करने से भी कतरा रहे हैं।

नर्मदा के उद्गम स्थल के पास मौजूद इन दोनों कुंडों में सफाई नहीं होने से पानी की स्थिति खराब है। कोटि तीर्थ घाट को अमरकंटक का पहला नर्मदा स्नान कुंड माना जाता है। इसके पास ही गोमुख से नर्मदा की जलधारा बहती है।

स्नान के बाद खुजली होने की शिकायत

महाराष्ट्र के पुणे और सतारा से नर्मदा परिक्रमा के लिए आए श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने नाक-कान बंद कर कुंड में स्नान किया। स्नान के बाद शरीर में खुजली जैसी महसूस हुई। उनके मुताबिक, पानी पर काई और कचरा जमा था। कुंड की सतह पर फिसलन के कारण वे गिरते-गिरते बचे।

नियमित सफाई और देखरेख की मांग

श्रद्धालुओं ने प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट से कुंडों की नियमित सफाई और देखरेख की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि पानी की सतह पर जमा काई और कचरा तत्काल हटाया जाए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में स्नान कर सकें। कुंडों की स्वच्छता धार्मिक आस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा से भी जुड़ी है।

मंदिर ट्रस्ट से बात कर कराएंगे सफाई

नगर परिषद अमरकंटक के सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने गुरूवार को बताया कि मंदिर ट्रस्ट से बात करके कुंडों की सफाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में पर्व और व्रत के चलते स्नान और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला