मुरैना: सड़क पर गिरे 6 लाख रुपये बरामद कर पुलिस ने पीड़ित को लौटाये
मुरैना, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले अंबाह थाना पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क पर गिरे 6 लाख रुपये बुधवार को बरामद कर फरियादी को सुरक्षित वापस दिला दिए। घटना 19 मई की बताई गई है, जब फरियादी योगेंद्र सिंह तोमर निवासी चंबल कॉलोनी अंबाह अपने पुत्र के साथ बाइक से सेंट्रल बैंक में 6 लाख रुपये जमा कराने जा रहे थे।
दोपहर करीब 1:38 बजे राजीव पेट्रोल पंप के पास बाइक पर टंगे बैग की चेन खुल जाने से रुपयों से भरा बंडल सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने रुपयों का बंडल उठाकर अपने साथ ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंबाह वीरेश सिंह कुशवाह ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयास और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने घटना के मात्र 7 दिवस के भीतर मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर उक्त बाइक सवार युवक की पहचान कर ली। पुलिस ने युवक से 6 लाख रुपये की संपूर्ण राशि बरामद कर फरियादी योगेंद्र सिंह तोमर को सुरक्षित सुपुर्द कर दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा