मुरैना: पार्षद का 43वें दिन भी जारी जनहित सत्याग्रह, सीएमओ के नोटिस के बाद भी रिकॉर्ड नहीं मिला

 


मुरैना, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की नगर पालिका परिषद सबलगढ़ में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा जनहित सत्याग्रह शुक्रवार को 43वें दिन भी जारी रहा। पार्षद मोहन रामजी लाल पचौरी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में नागरिकों ने सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क और नालियों जैसी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

लंबे समय से जारी आंदोलन के बावजूद नगर की समस्याओं का समाधान नहीं होने से आंदोलनकारियों में नाराजगी बनी हुई है। सत्याग्रह स्थल पर मौजूद नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

आंदोलन के दौरान पार्षद मोहन रामजी लाल पचौरी ने नगर पालिका से विकास कार्यों और वित्तीय खर्च से संबंधित जानकारी मांगी थी। इसके लिए उन्होंने 18 मई को सूचना के अधिकार (RTI) के तहत 10 बिंदुओं पर आवेदन दिया था। आरोप है कि एक माह बीत जाने के बाद भी नगर पालिका की ओर से मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब मुख्य नगरपालिका अधिकारी सौरभ जैतवार ने स्वास्थ्य, लेखा, निर्माण और स्टोर शाखा के प्रभारियों को दो दिन के भीतर संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बावजूद एक सप्ताह बाद भी रिकॉर्ड नहीं मिलने पर सवाल उठने लगे हैं।

पार्षद मोहन रामजी लाल पचौरी ने कहा कि यदि नगर पालिका के पास विकास कार्यों और खर्च का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने नगर की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई वार्डों में नागरिकों को खुद अपने घरों के सामने नालियों की सफाई करनी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं है और स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

पार्षद ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता को मूलभूत सुविधाएं दिलाने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समस्याओं का समाधान और RTI के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक जनहित सत्याग्रह जारी रहेगा।

शुक्रवार को सत्याग्रह में पार्षद कैलाश चंद भगत, पार्षद रचना अशरफ, समाजसेवी नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा