मंदसौर जिले में अब तक 82196.95 मैट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई

 


मंदसौर, 02 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में कुल 72 उपार्जन केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 9 अप्रैल 2026 से प्रारंभ कर दी गई थी। 1 मई 2026 तक मंदसौर जिले में 21646 किसानोें से विभिन्न केन्द्रों पर 82196.95 मैट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। अभी भी 23 मई तक सरकारी खरीदी की जायेंगी, 23 मई तक भी सभी स्लॉट बुक हो चुक है।

लगातार कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी उपार्जन केंद्रों पर सबसे ज्यादा शिकायतें पीने के पानी को लेकर आई भीषण गर्मी में पीने के पानी को लेकर किसानों को समस्या का सामना करना पड़ा। वेबसाईट के समय - समय पर बंद हो जाने के कारण भी किसानों को स्लॉट बुकिंग में समस्या आई लेकिन राहत की बात यह रही कि मंदसौर जिले में भी मौसम में बदलाव जरूर हुआ था लेकिन कही भी बारिश या ओलावृष्टि नहीं हुई जिससे किसी भी केन्द्र पर किसान का गेहू खराब नहीं हुआ। राज्य शासन के निर्देशानुसार लगभग सभी केन्द्रों पर वेयरहाउस में सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य व्यवस्थाएं रखी गई है। सर्वेयर को लेकर भी शिकायतें मिली लेकिन कोई बडी समस्या सामने नहीं आई।

उपार्जन केन्द्रों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर विगत दिनों कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने गरोठ रोड स्थित सिद्धि विनायक वेयरहाउस एवं विनायक वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेहूं खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया एवं वेयरहाउस की भंडारण क्षमता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने तोल कांटे की कार्यप्रणाली, गेहंज की गुणवत्ता तथा सर्वेयर द्वारा गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। साथ ही सर्वेयर की प्रशिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने वेयरहाउस के अंदर जाकर भंडारित गेहूं का भी निरीक्षण किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया