मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई शुरू, अब तक 37.7 इंच हुई बारिश, कल से कई संभागों में खिलेगी तेज धूप

 


भोपाल, 28 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। अगले चार दिन प्रदेश में कहीं भी अति भारी या भारी बारिश की संभावना नहीं है। मंगलवार से उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज धूप खिलने लगेगी। करीब एक सप्ताह के भीतर प्रदेश से मानसून की विदाई शुरू होने के आसार हैं।

रविवार तक प्रदेश में औसतन 37.7 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है, जो सामान्य कोटे की 95.8 प्रतिशत है। महज 0.2 प्रतिशत और बारिश होने पर प्रदेश सामान्य बारिश की श्रेणी में आ जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में कहीं हल्की बारिश भी हो गई तो प्रदेश सामान्य बारिश की कैटेगरी में पहुंच सकता है।

प्रदेश में गहरे अवदाब के असर से करीब 48 घंटे तक पूर्वी हिस्से में अति भारी और भारी बारिश का दौर चला। लगातार बारिश से कई नदियां उफान पर आ गईं और जलस्तर बढ़ने के बाद कई बांधों के गेट खोलने पड़े। रविवार से मौसम सिस्टम कमजोर पड़ने लगा और भारी बारिश का दौर थम गया। भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत कई जिलों में दिनभर धूप-छांव की स्थिति बनी रही। सोमवार से सिस्टम की सक्रियता नहीं रहने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में धूप का असर बढ़ेगा। इसी दौरान मानसून की वापसी की प्रक्रिया भी शुरू होने की संभावना है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में इस सीजन अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में सामान्य से करीब 4 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। अधिकांश जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। हालांकि पूर्वी हिस्से के ही बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य की तुलना में 2 प्रतिशत से 20 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर रही। आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 9 प्रतिशत से 51 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। यानी प्रदेश में कुल बारिश भले ही सामान्य के करीब पहुंच गई हो, लेकिन जिलों के स्तर पर बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा है। पूर्वी हिस्से के कई जिलों में जहां सामान्य से ज्यादा पानी गिरा, वहीं पश्चिमी क्षेत्र के कई जिले अभी भी औसत से पीछे हैं।

आंकड़ों के मुताबिक अनूपपुर, छतरपुर, डिंडौरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इस तरह प्रदेश में अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य के काफी करीब पहुंच चुका है। हालांकि मौसम विभाग के मौजूदा अनुमान के मुताबिक इस बार प्रदेश में सामान्य की 100 प्रतिशत बारिश का आंकड़ा पार होने की संभावना कम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत