भारत मां के गौरव को विश्वपटल पर नेतृत्वकर्ता के रूप मे मोदी ने किया स्थापित: राकेश सिंह
जबलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणादायी यात्रा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से उनके जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है।
यह बात मध्य प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने गुरुवार को ग्वारीघाट में आयोजित आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में अपने 25 वर्षों की यात्रा में सेवा और सुशासन को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मां के गौरव को विश्वपटल पर नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित किया है, उनके जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाना उनके प्रति शुभकामना व्यक्त करने के साथ-साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से उनके सार्वजनिक यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू , जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोटियां, प्रदेश सहमीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, वाणी अहलूवालिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज बिज, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, अमित सोनू बचवानी की उपस्थिति में मां नर्मदा के तट पर 1 लाख 11 हजार दीप प्रज्वलित किये गए ।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं कीं।
लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि दीपक भारतीय संस्कृति में प्रकाश, आशा और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है। यह दीपक उन संकल्पों का भी प्रतीक है, जिनके माध्यम से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में नागरिक अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़े विषयों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक