भोपालः न्यू मार्केट की संकरी गलियों में अब रोज होगी मॉकड्रिल, आग से बचाव के लिए निगम ने कसी कमर
भोपाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में आग लगने की घटना के बाद नगर निगम ने बाजार में अग्नि सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था सुधारने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। अब बाजार की संकरी गलियों में प्रतिदिन मॉकड्रिल कराई जाएगी, ताकि आग जैसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड के वाहन आसानी से मौके तक पहुंच सकें।
बुधवार को निगम के फायर ब्रिगेड और अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाजार के आंतरिक हिस्सों में मॉकड्रिल की। इस दौरान रास्तों में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाए गए और दुकानदारों को आग से बचाव के उपाय बताए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश, अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ट शर्मा के आदेश और उपायुक्त भुवन गुप्ता के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों और न्यू मार्केट व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के बीच हुई चर्चा में लिए गए निर्णय के अनुसार बाजार में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को बेहतर बनाने और नागरिकों की आवाजाही सुगम करने पर जोर दिया जा रहा है।
संकरी गलियों में फायर वाहन चलाकर परखी व्यवस्था
बुधवार को निगम की टीम ने न्यू मार्केट के आंतरिक मार्गों पर फायर वाहन चलाकर यह देखा कि आपात स्थिति में दमकल की गाड़ी किन रास्तों से आसानी से गुजर सकती है। इस दौरान आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को हटाया गया। दुकानदारों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
कार्रवाई का उद्देश्य बाजार की गलियों को अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए सुगम बनाना और किसी दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में होने वाली देरी को रोकना है।
दो ट्रक सामान जब्त, घरेलू गैस सिलेंडर भी मिला
नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने बुधवार दोपहर 3.30 बजे से शाम 5.45 बजे तक बाजार में कार्रवाई की। इस दौरान दुकानों और फुटपाथों पर रखा सामान हटाया गया। हॉकर्स द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को भी हटाया गया।
निगम अमले ने कार्रवाई के दौरान एक घरेलू गैस सिलेंडर सहित दो ट्रक अन्य सामान जब्त किया। बाजार में दुकानों की सीमारेखा निर्धारित करने और रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है, ताकि फायर वाहन के आवागमन में किसी तरह की बाधा न आए।
हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में किया जाएगा विस्थापित
नगर निगम की योजना न्यू मार्केट में व्यवस्था सुधारने के साथ रेहड़ी-पटरी वालों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की भी है। इसके तहत हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में विस्थापित करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानों की सीमाएं तय की जाएंगी, ताकि फुटपाथ और सड़क पर सामान फैलने से रास्ते संकरे न हों।
निगम अधिकारियों के अनुसार, न्यू मार्केट में प्रतिदिन नियमित रूप से मॉकड्रिल की जाएगी। इससे अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने, बाधाओं की पहचान करने और आपात स्थिति में दमकल वाहनों की पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
बुधवार को हुई मॉकड्रिल और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान फायर अधिकारी सौरभ पटेल, अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा