अनूपपुर: वेंकटनगर स्टेशन सिक साइडिंग में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल संपन्न

 




अनूपपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के वेंकटनगर स्टेशन में शनिवार शाम काे गैस सिलेंडर से स्टाफ कोच में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

रेलवे में यात्री सुरक्षा, संरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा स्टेशन के सिक साइडिंग में अग्नि दुर्घटना से संबंधित एक व्यापक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मनीष अग्रवाल के निर्देशन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल के दौरान गैस सिलेंडर पर खाना बनाते समय स्टाफ कोच में अचानक आग लगने की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों एवं आपातकालीन सेवाओं ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निशमन, राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए। इस दौरान आग पर काबू पाने, प्रभावित कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।

इस मॉक ड्रिल में रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अग्निशमन दल, 108 एम्बुलेंस सेवा, रेलवे चिकित्सा विभाग, रेलवे सुरक्षा बल तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। फायर ब्रिगेड वाहनों एवं एम्बुलेंस की तैनाती के साथ वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

अभ्यास के दौरान आपातकालीन सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग, घायलों के सुरक्षित रेस्क्यू तथा चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया। इसके माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रत्येक विभाग की भूमिका, जिम्मेदारी एवं तत्परता का भी आकलन किया गया।

बिलासपुर मंडल द्वारा नियमित मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण अभ्यासों के माध्यम से रेल यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को निरंतर मजबूती प्रदान करने हेतु आपदा प्रबंधन की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने सफल प्रयास किया जा रहा हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला