खंडवाः विधायक रामेश्वर शर्मा बोले- चार शादियों और कई बच्चों का चलन होगा खत्म, सबके लिए एक कानून
खंडवा, 29 नवंबर (हि.स.)। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर मध्य प्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने रविवार को खंडवा में आयोजित एक कार्यक्रम में विवाह और परिवार से जुड़े कानूनों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में अब चार पत्नियां रखने और बड़ी संख्या में बच्चे पैदा करने का चलन समाप्त होने जा रहा है। कानून की नजर में सभी नागरिकों के लिए समान नियम होने चाहिए।
सभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, अब रामेश्वर भी एक ही शादी करेगा और अब्दुल्ला भी एक ही शादी करेगा। दूसरी शादी करने पर सजा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने समान नागरिक संहिता को सामाजिक और कानूनी समानता से जोड़ते हुए कहा कि देश में सभी के लिए एक जैसी व्यवस्था होनी चाहिए।
मध्य प्रदेश में यूसीसी लागू करने की दिशा में कदम बढ़ने का दावाविधायक ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लेकर काम आगे बढ़ चुका है और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, यूसीसी से प्रदेश में सामाजिक एकता का नया सूत्र तैयार होगा और आने वाले समय में व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। हालांकि, उन्होंने इसके क्रियान्वयन की समयसीमा और आधिकारिक प्रक्रिया का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया।
अंबेडकर का हवाला देकर समानता की बातअपने संबोधन में रामेश्वर शर्मा ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवार और बच्चों से जुड़े नियमों में सभी नागरिकों के लिए समानता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इसी विचार के साथ मजबूती से खड़ी है।
370, राम मंदिर और सेना के शौर्य का भी किया जिक्रभाषण के दौरान विधायक ने केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने, वंदे मातरम् और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य और देश के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा के लिहाज से भारत पहले की तुलना में अधिक सशक्त हुआ है। समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए शर्मा ने लोगों से अपनी ताकत पहचानने और सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संदर्भ में प्राचीन सीमाओं और गांधार का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में कौशल विकास और समय का सदुपयोग बेहद जरूरी है। युवाओं को अपनी क्षमता निखारकर भविष्य संवारने के साथ समाज के विकास में भी योगदान देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा