राजगढ़ः बिना बताए गायब नाबालिग बालकों को सुरक्षित किया दस्तयाब

 


राजगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर महज कुछ ही घंटों में शासकीय बालक विमुक्त जाति प्री-मैट्रिक छात्रावास में रहने वाले दो नाबालिग छात्रों को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया, जो स्कूल जाने के बाद वापस नहीं लौटे थे, जिससे परिजन और छात्रावास प्रबंधन चिंतित था।

थाना प्रभारी गुंजा सोलंकी ने रविवार को बताया कि दोनों नाबालिग छात्र 9 अक्टूबर की सुबह स्कूल गए थे, लेकिन वह छात्रावास नहीं लौटे। इसके बाद फरियादी ने नरसिंहगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में शनिवार को अज्ञात के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश के साथ तकनीकी और मैदानी प्रयास के बाद दोनों बालकों को सुरक्षित खोज लिया। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी गुंजा सोलंकी, एसआई संजयसिंह, प्रआर.कमल गुर्जर,आर. राघवेन्द्र, अनिल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी नाबालिग के लापता होने पर तत्काल थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी तलाश की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक