भोपाल में तालाब में डूबने से नाबालिग की मौत, 22 घंटे बाद मिला शव, दोस्तों के साथ नहाने गया था

 


भोपाल, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोटे तालाब में शुक्रवार को एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। घटना के करीब 22 घंटे बाद शनिवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान धीरज सोनी पुत्र स्व. विनोद सोनी, निवासी इतवारा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे काली घाट मंदिर के पास छोटे तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया। घटना के बाद उसके साथ गए दोस्तों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर तलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नगर निगम के गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। शुक्रवार शाम काे अंधेरा होने के कारण खोज अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद सुबह करीब 11 बजे किशोर का शव बरामद कर लिया गया। शनिवार दाेपहर काे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे