मंत्री विजय शाह पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने कहा- सेना के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं
भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने मंत्री कुंवर विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कानून के अनुरूप कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विभाग ने केंद्र और राज्य सरकार से मंत्री को पद से हटाने की भी मांग की है।
पूर्व सैनिक विभाग ने गुरुवार काे जारी बयान में कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की ओर से की गई कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी ने सेना की ओर से देशवासियों को सैन्य कार्रवाई से जुड़ी जानकारी दी थी। विभाग का आरोप है कि 13 मई 2025 को महू के मानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में विजय शाह ने कर्नल कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
हाईकोर्ट के संज्ञान और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का हवाला
कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने कहा कि टिप्पणी के बाद मामले ने तूल पकड़ा और मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इसका स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। विभाग के मुताबिक, इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां भी जांच और आवश्यक कार्रवाई को लेकर निर्देश दिए गए। विभाग ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद विजय शाह को मंत्रिमंडल में बनाए रखने का निर्णय उचित नहीं है। कांग्रेस ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
‘सेना किसी दल की नहीं, देश की है’
पूर्व सैनिक विभाग ने कहा कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की सेना है। सेना के किसी जवान या अधिकारी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी सैनिकों के त्याग और राष्ट्र की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सेना और उसके अधिकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
विभाग ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया जाए कि सेना के सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पूर्व सैनिक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे। विभाग ने भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सेना की गरिमा की रक्षा के लिए आवाज उठाने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे