मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं दिलीप जायसवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं एवं सुझाव सुने। मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल समाधान कराया गया, जबकि जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया आवश्यक थी, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया। मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन भी उपस्थित रहे।
मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और आमजन से प्राप्त समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे