अनूपपुर: मंत्री प्रहलाद पटेल एवं विधायक जालम सिंह पटेल ने चलाया नर्मदा स्वच्छता अभियान, पुष्कर बांध में किया श्रमदान

 




अनूपपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में नर्मदा उद्गम स्थवली अमरकंटक में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल अपने भाई गोटेगांव विधायक जालम सिंह पटेल सहित लगभग 250 सहयोगियों के साथ जल गंगा संवर्धन एवं संरक्षण अभियान के तहत दो दिवसीय श्रमदान में शनिवार को नर्मदा तट के दोनो किनारो पर घास, जलकुंभी और कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

इसके पूर्व शुक्रवार को अमरकंटक के रामघाट क्षेत्र में नर्मदा स्वच्छता अभियान चलाया गया था। शनिवार को नर्मदा उद्गम क्षेत्र स्थित पुष्कर बांध के उत्तर एवं दक्षिण तट तथा उसके नीचे स्थित माधव सरोवर बांध में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, विधायक जालम सिंह पटेल एवं उनके साथ सागर, दमोह, नरसिंहपुर, गोटेगांव तथा गाडरवारा से आए लगभग 250 सहयोगियों ने नदी एवं बांध के भीतर उतरकर श्रमदान किया।

स्वच्छता अभियान के दौरान नदी में जमी घास, जलकुंभी तथा श्रद्धालुओं द्वारा फेंके गए कचरे को निकालकर बाहर किया गया। मंत्री एवं विधायक भाई सहयोगियों के साथ पूरे उत्साह, उमंग और समर्पण भाव से कंधे से कंधा मिलाकर सफाई कार्य करते रहे। उन्होंने बिना किसी संकोच के स्वयं नदी में उतरकर श्रमदान किया तथा उपस्थित लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इस पर मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि मां नर्मदा हमारी जननी है। उनकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी पुत्रों का कर्तव्य है। नर्मदा स्वच्छ और अविरल रहेगी तभी हमारा अस्तित्व सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी से नर्मदा तटों को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान दोनों जनप्रतिनिधि लगातार कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का उत्साहवर्धन करते रहे तथा उन्हें नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण का महत्व समझाते रहे। उल्लेखनीय है कि मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं विधायक जालम सिंह पटेल को नर्मदा भक्त एवं नर्मदा पुत्र के रूप में जाना जाता है। दोनों की मां नर्मदा के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था रही है तथा वे प्रतिवर्ष नर्मदा स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए श्रमदान करते रहे हैं।

वर्ष 2024-25 में व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कारणों से यह अभियान आयोजित नहीं हो सका था, किंतु इस वर्ष पुनः बड़े स्तर पर अभियान चलाकर दोनों बंधुओं ने नर्मदा संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला