मप्रः मंत्री चौहान ने कार्यकर्ताओं की सुनीं जनसमस्याएं,  अधिकारियों काे त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 


भोपाल, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और तत्काल समाधान योग्य मामलों का निराकरण कराया।

मंत्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया या विस्तृत परीक्षण की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्रभावी समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण सरकार की प्राथमिकता है। पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे