सागरः मंत्री राजपूत के नेतृत्व में सागर में निकली भव्य 'तिरंगा यात्रा'

 


सागर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सोमवार को अपने सागर स्थित निवास 'मातेश्वरी' से एक भव्य 'तिरंगा यात्रा' का शुभारंभ किया। इस यात्रा में मंत्री राजपूत हाथ में राष्ट्रध्वज तिरंगा लेकर आगे बढ़े। उनके साथ हजारों कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के गगनभेदी जयघोष के साथ हिस्सा लिया।

इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र हमें देश की विविधता, शांति, साहस, प्रगति और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। तिरंगे को हाथ में लेना राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और निष्ठा को व्यक्त करने का माध्यम है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ना है।

मंत्री राजपूत ने जानकारी दी कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मंडल में इस तिरंगा यात्रा को भव्य रूप से निकाला जाएगा। इन यात्राओं के माध्यम से गांव-गांव तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा, जिससे समाज का हर वर्ग देश के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कर सके।

मंत्री राजपूत ने उल्लेख किया कि वर्ष 2022 में आजादी के 75वें वर्ष (अमृत महोत्सव) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की थी। इस पहल ने देशवासियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रभक्ति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन कर रही है।

मध्य प्रदेश के परिदृश्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे राज्य में राष्ट्रभक्ति का माहौल है। राज्य सरकार नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बनाए रखने, वीरों के बलिदान को याद करने और अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विरासत को भी नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे