सागरः सुरखी विधानसभा को खाद्य मंत्री ने दी 80 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों की सौगात

 


सागर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार को सागर जिले के जैसीनगर, बिजौरा, रीछई, और तोड़ा तरफदार सहित विभिन्न ग्रामों में लगभग 80 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।

इस अवसर पर आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भाजपा सरकार का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विकास का लाभ पहुंचाना है।

विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि आज भाजपा अपनी जनहितैषी नीतियों के कारण आम जनता के दिलों में राज कर रही है। दूसरी तरफ, कांग्रेस अपने झूठ और फरेब की राजनीति की वजह से न सिर्फ प्रदेश में, बल्कि पूरे देश में लगातार समाप्त होती जा रही है। जनता अब केवल विकास और विश्वास की राजनीति को स्वीकार कर रही है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर धरातल पर जनता के बीच काम करता है।

क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि जैसीनगर अब एक प्रमुख जंक्शन के रूप में तब्दील हो चुका है। ₹65 करोड़ की लागत से बनने वाले नए मार्ग के बाद जैसीनगर अब तीनों दिशाओं से मुख्य मार्गों से जुड़ गया है। जैसीनगर से तालचिरी होते हुए सागर रोड और दूसरी तरफ से भापेल मार्ग जुड़ चुका है।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मसुरहाई रोड जैसीनगर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस नए रोड के निर्माण से क्षेत्र के लोगों के लिए राजधानी भोपाल जाने की दूरी 25 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इस मार्ग का सीधा लाभ मसुरहाई, सेमराकलां, सिंगारमुंडी, मनेशिया, ढकरई, मूडरी, सेवन, करहद, तोड़ा तरफदार, पड़रिया, रीछई, परासिया, बिजौरा और मिडवासा सहित क्षेत्र के करीब 50 गांवों के निवासियों को मिलेगा।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाएं चलाई हैं। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना, किसानों के लिए सिंचाई व उत्कृष्ट सड़क नेटवर्क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती दे रही है।

मंत्री राजपूत ने इन कार्यों के दूरगामी फायदों को रेखांकित करते हुए कहा कि नई सड़कों से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी और परिवहन की लागत घटेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। स्कूल भवनों से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा, पंचायत भवनों से सरकारी सेवाएं एक ही जगह मिलेंगी, सीसी रोड व नाली निर्माण से जलभराव की समस्या खत्म होगी और स्टापडेम से वाटर हार्वेस्टिंग (जल संरक्षण) को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था सुधरेगी।

उन्होंने अंत में सुरखी विधानसभा के नागरिकों से अपील की कि वे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें और सरकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे