शहडोल : ग्राम निपानिया में स्व. शंभूनाथ शुक्ल गौशाला एवं मंदिर निर्माण का प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया भूमि पूजन
शहडोल, 14 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल शनिवार को ग्राम निपानिया में स्व. शंभूनाथ शुक्ल की स्मृति में निर्मित होने वाली गौशाला तथा स्व. गायत्री शुक्ला एवं स्व. पंडित चन्द्रकान्त शुक्ला की स्मृति में मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। लगभग 12 एकड़ भूमि में विकसित होने वाली इस गौशाला में 100 गौमाताओं के रखरखाव एवं संरक्षण की व्यवस्था रहेगी। गौशाला का निर्माण अमरनाथ शुक्ल एवं उनके पुत्र समीर शुक्ल द्वारा कराया जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का दायित्व है। भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है। मान्यता है कि गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का निवास होता है। गौसेवा और गौसंरक्षण हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान देना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गौशालाओं के माध्यम से अनुदान उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। गौवंश की नस्ल सुधार के लिए पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही वृंदावन ग्राम की अवधारणा के माध्यम से गौवंश संरक्षण, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं के निर्माण से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा तथा उनके समुचित रखरखाव और देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। ग्राम निपानिया में 12 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह गौशाला गौसेवा एवं गौसंरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक जयसिंह मरावी, विधायक मनीषा सिंह, श्री राजेश पाण्डेय, भूपेन्द्र मिश्रा, अमित मिश्रा, प्रियंक त्रिपाठी, अनिल द्विवेदी, कलेक्टर पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, एसडीएम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला