महू में फायरिंग रेंज के पास विस्फोटक से हादसा, दो युवक गंभीर रूप से घायल
महू, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के महू में किशनगंज थाना क्षेत्र स्थित शांति धाम कॉलोनी के पास बुधवार सुबह एक बम में अचानक विस्फोट होने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। घायल युवकों की पहचान कमलेश पुत्र शिवनारायण और सोनू पुत्र भेरूलाल सोलंकी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक कॉलोनी के पीछे खुले क्षेत्र में शाैच के लिए गए थे। लौटते समय उन्हें एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। उसके पास जाते ही अचानक विस्फोट हो गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह वस्तु सेना से संबंधित विस्फोटक सामग्री प्रतीत हो रही है। घटना के बाद जोरदार धमाके से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
यह क्षेत्र आर्मी की फायरिंग रेंज के नजदीक स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जब लोग अनजाने में संदिग्ध या कबाड़ जैसी दिखने वाली वस्तुओं के संपर्क में आ जाते हैं।
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि फायरिंग रेंज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा संभावित खतरनाक सामग्री की नियमित जांच और समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे