इंदौर : महू में महिला उपयंत्री 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 


इंदौर/महू, 10 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। इंदाैर जिले की महू जनपद पंचायत में पदस्थ महिला उपयंत्री सावित्री मुवेल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार मामला ग्राम पंचायत यशवंत नगर का है, जहां 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 4.52 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद भुगतान के लिए भौतिक सत्यापन और माप पुस्तिका (एमबी) में मूल्यांकन दर्ज करना जरूरी था।

आरोप है कि उपयंत्री सावित्री मुवेल ने इस प्रक्रिया को पूरा करने के एवज में पंचायत सचिव रमेशचंद्र चौहान से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रकम न देने पर उन्होंने मूल्यांकन दर्ज करने से इनकार कर दिया, जिससे निर्माण कार्य का भुगतान अटक गया।

पीड़ित सचिव ने मामले की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले का सत्यापन किया गया और सही पाए जाने पर एसपी लोकायुक्त ने आरोपित को रंगेहाथ पकड़ने के लिए ट्रैप दल का गठन किया। योजना के अनुसार, शुक्रवार दोपहर शिकायतकर्ता को उपयंत्री के पास रिश्वत की राशि लेकर भेजा गया जैसे ही उपयंत्री ने पैसे लेने के लिए हाथ बढ़ाया वैसे ही एसपी की टीम ने पीछे से आकर उपयंत्री को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक रेनू अग्रवाल के नेतृत्व में आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शैलेंद्र बघेल, मनीष माथुर, श्रीकृष्णा अहिरवार सहित महिला आरक्षक गायत्री और अर्चना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे