अनूपपुर: स्वैच्छिक संस्थाएं प्रशासन एवं जनता के बीच सेतु की भांति करते हैं कार्य-कलेक्टर
अनूपपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि सभी स्वैच्छिक संस्थाएं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
कलेक्टर ने यह बात गुरुवार को जन अभियान परिषद की दृष्टि योजना के अंतर्गत आयोजित ‘पंख कार्यक्रम’ के तहत बैठक में स्वैच्छिक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही। बैठक में लगभग 55 स्वैच्छिक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर झा ने कहा कि सभी स्वैच्छिक संस्थाएं प्रशासन एवं जनता के बीच सेतु की भांति कार्य करती हैं। यह संस्थाएं शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही उनके क्रियान्वयन में आने वाली कमियों एवं कठिनाइयों से भी प्रशासन को अवगत कराती हैं। साथ ही, लोगों को जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं एवं मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी समय-समय पर जिला प्रशासन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कलेक्टर ने स्वैच्छिक संस्थाओं के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों से ग्रामीणों को उद्यानिकी, कृषि एवं पशुपालन के माध्यम से सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शासन द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्रयासों का फीडबैक भी संस्थाओं के माध्यम से प्राप्त होना चाहिए, ताकि भविष्य में और अधिक बेहतर कार्य किए जा सकें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी आपसी समन्वय एवं सामंजस्य स्थापित करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें। जिले के विकास के लिए सभी के विचार एवं सुझाव आमंत्रित हैं। उन्होंने कहा कि जिले में भिक्षावृत्ति की रोकथाम, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष प्रयास करने, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत निराश्रित बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करना प्रशासन एवं स्वैच्छिक संस्थाओं का मुख्य उद्देश्य है।
कलेक्टर ने संस्थाओं द्वारा लोगों को प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं एवं संचालित कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की तथा उनके कार्यों की सराहना की। बैठक में कलेक्टर ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त अभियान के तहत पर्यावरण की शुद्धता एवं संरक्षण का संदेश भी दिया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, समन्वयक जन अभियान परिषद उमेश पांडेय सहित शैक्षिक संस्थानों के अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला