एमसीयू में 8 जुलाई से एआई आधारित फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, मीडिया प्रोफेशनल्स को मिलेगा प्रशिक्षण

 


भोपाल, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में 8 से 17 जुलाई तक ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर मीडिया एंड कम्युनिकेशन प्रोफेशनल्स’ विषय पर दो सप्ताह का फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, मीडिया प्रोफेशनल्स और संबद्ध अध्ययन संस्थानों के शिक्षक भाग लेंगे।

विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र से मीडिया पाठ्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्नातक प्रथम वर्ष में एआई आधारित दो नए प्रश्नपत्र पढ़ाए जाएंगे। इन्हीं विषयों के प्रभावी अध्यापन और प्रशिक्षण के उद्देश्य से यह एफडीपी आयोजित किया जा रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने गुरूवार काे बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और मीडिया पेशेवरों को एआई तकनीक से जोड़ना तथा विद्यार्थियों को बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान एआई एवं जेनरेटिव कंटेंट, मल्टीफॉर्म डेटा विश्लेषण, डीपफेक, सिंथेटिक मीडिया फोरेंसिक्स, एआई न्यूजरूम आर्किटेक्चर, एआई एथिक्स और अन्य समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान होंगे।

कार्यक्रम में एजेंटिक एआई, इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग में एआई के उपयोग, मीडिया रिसर्च के लिए नोटबुक एलएम, रियल टाइम वैरिफिकेशन और डेवलपर लेवल कंट्रोल जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

एफडीपी में बालेन्दु कुमार शर्मा, प्रभाष झा, प्रो. उमेश आर्य, प्रत्यूष रंजन, देविका छिब्बर और जय प्रकाश पाराशर सहित मीडिया, शोध और अकादमिक जगत के कई विशेषज्ञ प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा