मऊगंज का मड़ई उत्सव जनजातीय लोकसंस्कृति और लोककलाओं की जीवंत झांकी
मऊगंज, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मड़ई उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए जनजातीय कलाकार अपनी पारंपरिक लोकनृत्य शैलियों के माध्यम से समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की छटा बिखेर रहे हैं।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कोरकू, भारिया और सहरिया जनजातियों के पारंपरिक ढांढल, भड़म एवं लहंगी नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और लोकवाद्यों के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समुदायों की जीवनशैली, सामाजिक परंपराओं और लोक अभिव्यक्तियों की झलक देखने को मिली।
जनजातीय समाज में नृत्य और संगीत सामाजिक, धार्मिक, कृषि एवं सामुदायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। मड़ई उत्सव के जरिए इन पारंपरिक कलाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उनके संरक्षण और अगली पीढ़ी तक हस्तांतरण के प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उत्सव में वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग प्रवर्तन सांस्कृतिक समिति, रुंगवा (सतना) की ओर से हर्षवर्धन सिंह के पुनर्निर्देशन में प्रस्तुत इस नृत्य-नाटिका में रानी दुर्गावती के शौर्य, पराक्रम, स्वाभिमान और संघर्षपूर्ण जीवन को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय और मंचन के माध्यम से उनके ऐतिहासिक योगदान को दर्शाया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
मड़ई उत्सव में शनिवार को देश के विभिन्न प्रदेशों से आए जनजातीय कलाकारों ने भी अपनी विशिष्ट लोकनृत्य शैलियों और सांस्कृतिक परंपराओं की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक नीलकंठ सिंह मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मड़ई उत्सव जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों की लोककलाओं एवं परंपराओं के आपसी परिचय का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी