इंदौर के मारोठिया बाजार में तीन मंजिला दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान खाक
इंदौर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित व्यस्त मारोठिया बाजार में गुरुवार देर रात पूजन सामग्री और किराना सामान की तीन मंजिला दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और लपटें दुकान की दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं। धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर आसपास के व्यापारियों और रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और सराफा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी के अनुसार गुरुवार देर रात करीब एक बजे मारोठिया बाजार स्थित राम गोपाल कन्हैयालाल नाम की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। दुकान बंटी शर्मा की बताई जा रही है। आग सबसे पहले नीचे दुकान में लगी और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने दुकान से धुआं और लपटें उठती देख पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
त्योहारी सीजन के लिए जमा किया था सामान
बताया जा रहा है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और किराना सामान का स्टॉक रखा गया था। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा काफी सामान जल गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
आसपास की दुकानों तक आग पहुंचने का था खतरा
मारोठिया बाजार शहर का घना और संकरा व्यापारिक क्षेत्र है। यहां दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं। ऐसे में तीन मंजिला दुकान में लगी आग के आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा बना हुआ था। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की दुकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि देर रात हुए इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे