ओवरब्रिज पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, केबिन जलकर खाक, बड़ा हादसा टला

 


मुरैना, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के ओवरब्रिज पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धौलपुर से झांसी की ओर रेल नीर की पानी की बोतलें लेकर जा रहे एक ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते केबिन से उठता धुआं आग की लपटों में बदल गया और पूरा केबिन आग की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ओवरब्रिज पर पहुंचा ही था कि चालक ने केबिन से धुआं निकलते देखा। चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को रोका और बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का केबिन बुरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारण एमएस रोड और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस ने मौके पर यातायात को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया और स्थिति सामान्य कराई। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा