देवास नाका में भीषण आग, तड़के 3 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान
इंदौर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित देवास नाका इलाके में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की इस घटना में तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 3:45 बजे आग लगने की सूचना मिली। जब टीम मौके पर पहुंची, तब तक एक टायर शॉप और गैराज में लगी आग विकराल रूप ले चुकी थी और तेजी से आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले रही थी। दमकल कर्मियों ने लगभग 20 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग बुझाई। आग इतनी भयंकर थी कि अंदर पहुंचने के लिए दुकानों के शटर तोड़ने पड़े, क्योंकि उस समय कोई भी दुकानदार मौके पर मौजूद नहीं था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकानों के पास से गुजर रही बिजली लाइन के कारण आग ने तेजी से फैलकर बड़ा रूप ले लिया। इस हादसे में मोहम्मद अकबर, नरेंद्र और जितेंद्र गजराज की दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। तीनों दुकानें पास-पास होने के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते सब कुछ राख में बदल गया फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे